Delhi: नई पीढ़ी को संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना हम सबका दायित्व : प्रो. (डॉ.) रमा
दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों ने शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर रखे विचार।
नई दिल्ली, संवाददाता महेश शर्मा RS News : हंसराज महाविद्यालय में मीडिया जगत के प्रतिनिधियों के Iसाथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को मिलकर अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। हंसराज महाविद्यालय इसी सोच के साथ विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पेशेवर बनाने के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार किया जा रहा है। समारोह में प्रिंट एवं सोशल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल ज्ञान के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों को विकसित करने के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। वक्ताओं ने शिक्षा और मीडिया के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग को समय की आवश्यकता बताया।
इस दौरान प्रो. रमा ने मीडिया जगत के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ अपने महाविद्यालयीन जीवन और शुरुआती व्यावसायिक सफर से जुड़ी यादें भी साझा कीं। पुराने परिचितों और पत्रकार साथियों के साथ हुई मुलाकात ने समारोह को यादगार बना दिया। अंत में प्रो. रमा ने सभी पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न यह समारोह हंसराज महाविद्यालय और मीडिया जगत के बीच आपसी संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने का माध्यम बना।
ब्यूरो रिपोर्ट राष्ट्र सर्च न्यूज़
दिल्ली देश की आवाज़




एक टिप्पणी भेजें
0टिप्पणियाँ